इंदौर
सराफा थाना इलाके के ़निहालपुरा में मामूली कहा-सुनी ने गंभीर रूप ले लिया। अपनी दुकान की महिला कर्मचारी से अभद्रता रोकने पर रेडीमेड दुकान के मालिक के साथ आरोपियों ने बीच बाजार में गाली-गलौच और मारपीट की, फिर दुकान के अंदर घुसकर भी झगड़ा किया। सराफा पुलिस ने फरियादी छोटे पिता मुंशी लियाकती निवासी अहमद नगर, खजराना की शिकायत पर आरोपी मोहम्मद शोऐब और उसके साथी उजेल पिता रहमान अंसारी दोनों निवासी नयापुरा सहित अन्य दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरियादी छोटे लियाकती ने पुलिस को बताया कि आरोपी मोहम्मद शोऐब उनकी रेडीमेड की दुकान पर आया और वहाँ काम करने वाली कर्मचारी अर्चना पांचाल के साथ बदतमीजी से बात करने लगा। जब दुकान मालिक छोटे ने पास जाकर शोऐब से इस अभद्र व्यवहार का कारण पूछा, तो वह आग बबूला हो गया। शोऐब और उसके साथ मौजूद उजेल ने बीच बाजार में छोटे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, इसके बाद शोऐब, उजेल और उनके दो अन्य साथी फरियादी की दुकान के अंदर जबरन घुस गए और वहाँ भी उनके साथ जमकर लड़ाई-झगड़ा और मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान और दोनों नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
