आयकर विभाग द्वारा टी.डी.एस. प्रावधानों एवं अन्य वैधानिक उपबंधों के अनुपालन एवं प्रासंगिक विधिक पक्षों पर डाक विभाग के अधिकारियों को अभिज्ञ कराने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम पोस्टमास्टर जनरल, इंदौर परिक्षेत्र, श्रीमती प्रीति अग्रवाल के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जीपीओ कार्यालय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयकर विभाग इंदौर के उप आयुक्त श्री टेंगले गणेश महादेव, आयकर अधिकारी श्री सुधीर शर्मा तथा श्री प्रिय रंजन द्वारा टी.डी.एस. के विविध प्रावधानों, आयकर अधिनियम की प्रमुख धाराओं एवं व्यावहारिक जटिलताओं पर विस्तृत विवेचना एवं उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में इंदौर नगर के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों की भौतिक उपस्थिति तथा इंदौर परिक्षेत्र के अन्य डीडीओ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता रही। कार्यक्रम का समुचित समन्वय सहा. लेखाधिकारी श्री गोपाल मुजाल्दा एवं कर सलाहकार श्री कैलाश घाटिया द्वारा किया गया। यह आयोजन डाक विभाग के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को आयकर अधिनियम के नवीनतम प्रावधानों से अद्यतन रखने एवं अनुपालन तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल के रूप में उल्लेखनीय रहा।
