इंदौर। महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के तहत थाना हीरानगर पुलिस ने दुष्कर्म के एक फरार आरोपी को जबलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान समीर पिता कदीर अहमद (उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम टक्कर पचकुईया, थाना हनुमानताल, जिला जबलपुर) के रूप में हुई है, जो अपराध दर्ज होते ही फरार होकर छिपा हुआ था।
महिला संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों की पतारसी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित सिंह और श्री आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में, पुलिस उपायुक्त (जोन-3) श्री राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-3) श्री रामस्नेही मिश्रा, तथा सहायक पुलिस आयुक्त (हीरानगर) श्रीमती रुबिना मिजवानी के निर्देशन में कार्यवाही की गई।
थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि आरोपी हीरानगर क्षेत्र के एक किन्नर डेरे में ढोलक बजाने का काम करता था। जब उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ, तो वह तत्काल फरार हो गया और लगातार ठिकाने बदलता रहा। पुलिस टीम ने इंदौर सहित विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः आरोपी के जबलपुर में छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस दल को वहां रवाना किया गया, जहां से उसे गिरफ्तार कर इंदौर लाया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और डेरे में मौजूद अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि महिला अपराधों के मामलों में फरार आरोपियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि ऐसे अपराधों पर कड़ी रोक लगाई जा सके।
