फिलेटेलिक एवं न्यू मिस्मेटिक सोसायटी की सभा को
क्रिकेटरों से जुड़े रोचक किस्सों ने बनाया यादगार
इंदौर, । इंदौर फिलेटेलिक एवं इंदौर न्यू मिस्मेटिक सोसायटी की सभा प्रख्यात क्रिकेटर एवं बीसीसीआई के पूर्व सचिव संजय जगदाले के मुख्य आतिथ्य में रीगल चौराहा स्थित इंडियन कॉफ़ी हाउस में संपन्न हुई। इस अवसर पर जगदाले ने क्रिकेट से जुड़े विभिन्न खिलाडियों के बारे में रोचक संस्मरण भी सुनाए और अपने ऑटोग्राफ सहित पोस्ट कार्ड भी सदस्यों को उपहार में भेंट किए। विशेष अतिथी के रूप में श्रीमती विनीता जगदाले एवं खरगोन के फिलेटेलिस्ट निरंजन स्वरुप गुप्ता भी मौजूद थे।
सभा का शुभारंभ नरेन्द्र अग्रवाल की उद्घोषणा से हुआ। शिवम चतुर्वेदी ने स्वागत भाषण दिया और सुरेश भागचंदानी ने सबके स्वस्थ रहने की मंगल कामना की। रवीन्द्रनारायण पहलवान ने जगदाले से जुड़े रोचक प्रसंग बताए। सोसायटी के मुख्य संरक्षक गिरीश शर्मा आदित्य ने जगदाले का शाल पहनाकर सम्मान किया। वरिष्ठ फिलेटेलिस्ट सुरेन्द्र मूल्ये ने मेपपेक्स- 2025 से जुड़ी जानकारियां साझा की। इंजीनियर चिराग त्रिवेदी ने सोसायटी की मुख ई-पत्रिका इंडफिल का प्रदर्शन किया। सभा में रवीन्द्रनारायण पहलवान ने सभी सदस्यों को उपहार में 6 पोस्टकार्ड भेंट किए वहीँ भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की इंदौर में निवासरत भतीजी श्रीमती माला तिवारी के ऑटोग्राफ वाले पोस्टकार्ड भी सदस्यों को भेंट किए गए। सभा में रमेश कोठारी, जयंत डोसी एवं महेश रामचंदानी ने सदस्यों को उपहार स्वरुप स्पेशल कवर प्रदान किए। संचालन किया कार्यकारी अध्यक्ष राजेश शाह ने और आभार माना आलोक खादीवाला ने।
क्रिकेटर संजय जगदाले ने इस अवसर पर इतिहास के पन्ने खोलते हुए कहा कि इंदौर का नाम सबसे स्वच्छ शहर के साथ ही होलकर और क्रिकेट टीम की वजह से भी जाना जाता है। इंदौर की टीम देश की सर्वश्रेष्ठ टीमों में गिनी जाती है जिसके कप्तान कर्नल सी.के. नायडू थे। वे होलकर आर्मी में कर्नल थे। इंदौर के शासक रहे यशवंत राव होलकर ने टीम की जिम्मेदारी सी. के. नायडू को सौंपी थी, उस टीम में मुस्ताक अली, मेजर एम.एम. जगदाले, समरथ सरवटे एवं सी. एस. नायडू जैसे धुरंधर खिलाड़ी थे। उन्होंने कपिल देव, सचिन तेंदुलकर एवं अन्य खिलाडियों से जुड़े अनेक प्रेरक किस्से भी सुनाए। उनकी मौजूदगी से सोसायटी की यह सभा यादगार बन गई।

