इंदौर बेटमा थाना क्षेत्र के ग्राम कालासुरा स्थित खालसा रबर फैक्ट्री में होली के जश्न के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि पांच मजदूरों ने मिलकर अपने ही साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। विवाद की शुरूआत एक महिला मजदूर को जबरन रंग लगाने और उसके साथ बदतमीजी करने से हुई थी। जब परिजनों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने लोहे के पाइप और डंडों से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक, फरियादी चंद्र कुमार मूल निवासी राजस्थान अपने परिवार के साथ फैक्ट्री परिसर में ही रहते हैं। बुधवार दोपहर करीब १:०० बजे फैक्ट्री के ही मजदूर सौरभ, अंकित और विनीत ने चंद्र कुमार के छोटे भाई की पत्नी को जबरन रंग लगाने का प्रयास किया। महिला के बार-बार मना करने और विरोध करने के बावजूद आरोपी नहीं माने और बदसलूकी जारी रखी। जब चंद्र कुमार ने अपने भाई की पत्नी को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी सौरभ, अंकित, विनीत, राम और संदीप ने उन्हें घेर लिया। आरोपी सौरभ ने लोहे के पाइप से चंद्र कुमार के सिर पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य मजदूर मुख्तार और ध्रुव को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। अंकित और विनीत ने मुख्तार को पाइप से पीटा, जबकि राम और संदीप ने लकड़ी के डंडों से ध्रुव की बेरहमी से पिटाई कर दी।हमले के बाद जब शोर सुनकर अन्य लोग जमा होने लगे, तो पांचों आरोपी पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। बेटमा पुलिस ने चंद्र कुमार की शिकायत पर पांचों नामजद आरोपियों सौरभ, अंकित, राम, संदीप और विनीत के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
