
अग्रवाल समाज हाइवे क्षेत्र पालदा की 30 कॉलोनियों के 500
से अधिक परिवार भारतीय अंदाज में मनाएंगे नया अंग्रेजी वर्ष
इंदौर। अग्रवाल समाज हाइवे क्षेत्र पालदा ने अंग्रेजी नववर्ष पर युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने और उन्हें सनातन धर्म, संस्कृति एवं खेलकूद की गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से नए वर्ष में अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसका शुभारंभ 31 दिसम्बर की रात को दूध-फैनी और दूध-जलेबी की दावत के साथ होगा। वरुण विक्ट्री परिसर में आयोजित इस दावत में हाईवे क्षेत्र की 30 से अधिक कॉलोनियों के 500 से अधिक परिवारों के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष अरविन्द बागड़ी ने बताया कि संगठन की बैठक वरुण विक्ट्री परिसर में आयोजित की गई जिसमें बड़ी संख्या में समाज बंधु एवं मातृशक्ति ने भी भागीदारी की। बैठक में अंग्रेजी नए वर्ष के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई जिसमें पहला आयोजन 31 दिसम्बर को करने का निर्णय लिया गया। इसी तरह मकर संक्रांति पर भी वरुण विक्ट्री परिसर में भारतीय और परमपरागत खेलों की स्पर्धा आयोजित होगी जिनमें मुख्य रूप से पतंगबाजी, सितोलिया, गिल्ली-डंडा तथा महिलाओं के लिए नीम्बू रेस, बोरा रेस, पकड़मपाटी, खोखो, रस्साखेंच, रुमाल झपट्टा, लंगड़ी जैसे मनोरंजक और दिलचस्प खेल आयोजित होंगे ताकि युवा वर्ग और मातृशक्ति अपनी संस्कृति से जुड़े रहें। बैठक में मनीष अग्रवाल मन्नू, विकास मित्तल विक्की, अनिल अग्रवाल, सतीश गोयल, अंकुर अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल पालदा, दिलीप नरेडी एवं शीतल तोड़ीवाला सहित बड़ी संख्या में हाईवे क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
