
इंदौर, 31 अक्टूबर। लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर के 300वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मुख्य डाकघर इंदौर द्वारा प्रथम दिवस आवरण का लोकार्पण एवं विरूपण इंदौर परिक्षेत्र की पोस्ट मास्टर जनरल श्रीमती प्रीति अग्रवाल, प्रवर अधीक्षक शिवांशु कुमार, वरिष्ठ फिलेटेलिक संग्राहक रविन्द्र नारायण पहलवान तथा न्यू मिस्मेटिक रिसर्च ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मुद्रा शास्त्री गिरीश शर्मा आदित्य के आतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस आवरण का डिजाईन और कलात्मक संयोजन फिलाटेलिस्ट महेश रामचंदानी एवं आर्यन रामचंदानी ने तैयार किया है। जीपीओ स्थित मुख्य डाकघर पर आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों को डाक विभाग द्वारा स्मृति चिन्ह के रूप में उपहार स्वरूप पौधे भेंट किये गए। इस मौके पर आदित्य ने अपनी मुद्रा पुस्तक भी अतिथियों को भेंट की। श्रीमती अग्रवाल ने अपने संबोधन में देवी अहिल्या के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला और विशेष आवरण के लिए रामचंदानी को बधाई दी। फिलेटेलिक संग्राहक पहलवान ने बताया कि देवी अहिल्या ने पुणे और महेश्वर के बीच पहली बार डाक सेवा प्रारंभ की थी । आदित्य ने भी देवी अहिल्या के पुण्य कार्यों की सराहना करते हुए उनके आदर्श सेवा कार्यों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में इंदौर फिलेटेलिक एंड न्यू मिस्मेटिक सोसाइटी, मुद्रा परिषद के मेजर डॉ. गुप्ता, लक्ष्मीकांत जैन, अलोक खादीवाला, राजेश शाह, विराज भार्गव, ऋषिराज एवं चिराग त्रिवेदी और एसके मूल्ये सहित बड़ी संख्या में मुद्रा एवं डाक टिकिट संग्राहक उपस्थित थे। अंत में आभार माना महेश रामचंदानी ने।
