इंदौर। नौकरी की तलाश में विदिशा जिले से करीब २५ दिन पहले इंदौर आए एक युवक की बीती रात ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा जूनी इंदौर इलाके के प्रकाश का बगीचा रेलवे ट्रैक पर हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जबरन कॉलोनी में रह रहे मृतक की पहचान कालू पिता रघुनाथ के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक कालू कुछ दिन पहले ही अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बेहतर भविष्य की उम्मीद में विदिशा से इंदौर आया था। बताया जा रहा है कि कालू घर से यह कहकर निकला था कि वह कुछ देर में वापस आ जाएगा, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। इसके बाद सोमवार देर रात उसका शव जूनी इंदौर इलाके में प्रकाश का बगीचा रेलवे ट्रैक पर कटा हुआ मिला।
