इंदौर। एरोड्रम क्षेत्र में तेज रफ्तार से जा रहा एक ई-रिक्शा स्कूटर को टक्कर के बाद पलट गया। हादसे में स्कूटर सवार बुजुर्ग सहित रिक्शा में सवार ४ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक हादसा कल दोपहर २.१५ बजे, एयरपोर्ट रोड़ पर गौतम आश्रम के सामने हुआ। घायलों के नाम सुरेश सांखला (७०), विनोद (२४), नथाबाई (६५) और सुसाबाई (६५) हैं। पुलिस ने फरियादी मनीष सांखला निवासी आम्रकुंज कॉलोनी की रिपोर्ट पर ई-रिक्शा नंबर एमपी ०९ जेडएन ७००६ के चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि ई रिक्शा चालक काफी तेजगति व लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाकर लाया और मेरे पिताजी की ई-स्कूटर में पीछे से टक्कर मार दी। इससे मेरे पिताजी वाहन सहित नीचे गिर गए। उन्हें सिर, कंधे में चोटें आई और स्कूटर में भी नुकसान हुआ। इधर टक्कर के बाद रिक्शा भी पलट गया। इससे उसमें सवार विनोद,.नथाबाई और सुसाबाई को भी चोटें आई। इधर, तिलक नगर में भी रिक्शा पलट जाने से एक यात्री घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक घायल का नाम संदीप पिता रतन सिंह सोलंकी निवासी मालवीय नगर है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। हादसा १८ अक्टूबर को नक्षत्र हॉस्पिटल के सामने सर्विस रोड़ पर हुआ था। पुलिस ने कल केस दर्ज किया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि मैं रिक्शा में बैठा था। रिक्शा चालक तेज गति से रिक्शा चला रहा था। उसे मना किया फिर भी नहीं माना। उसने तेज गति व लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाई और रिक्शा पलट गया। मुझे हाथ व पैर में चोट आई।
