
इंदौर, । राज्य शासन के पुरातत्व अभिलेखागार तथा संग्रहालय एवं इंटेक के संयुक्त तत्वावधान में 7-8 नवंबर को शिला हिल्स भोपाल स्थित राज्य संग्रहालय में दो दिवसीय मुद्रा सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें म.प्र. के समस्त सिक्कों के विषय में बौद्धिक सेमिनार भी होगा।
इस सेमिनार के लिए राष्ट्रीय मुद्रा परिषद के अध्यक्ष एवं प्रख्यात मुद्रा शास्त्री और दुर्लभ सिक्कों के संग्राहक गिरीश शर्मा ‘आदित्य’ को भी आमंत्रित किया गया है। उनके अलावा इस अवसर पर 7 नवंबर को सुबह 10.30 से शाम 5.30 बजे तक परमार कालीन सिक्कों और उज्जैनी सिक्कों से सम्बन्धित दो पुस्तकों का विमोचन तथा चंद्रशेखर गुप्ता नागपुर, गिरीश वीरा मुंबई, डॉ. प्रशांत कुलकर्णी नागपुर, प्रो दानिश मोईन जैसे प्रख्यात वक्ताओं को भी न्योता दिया गया है। 8 नवंबर को सुबह 10.30 से दूसरे सत्र में 7 अन्य विद्वानों के व्याख्यान होंगे जिनमें संजय गर्ग, दिलीप राजगौर, फारुख तोड़ीवाला, रविशंकर शर्मा कोलकाता, रामचंद्र ठाकुर महिदपुर, मेजर डॉ. गुप्ता इंदौर एवं नीलकमल महेश्वरी ग्वालियर शामिल हैं। यह आयोजन इंटेक के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर तथा राज्य के वरिष्ठ सेनि आईएएस मदन मोहन उपाध्याय के निर्देशन में हो रहा है जिसमें राज्य के प्रमुख नेता एवं प्रशासनिक वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
