इंदौर।
शहर में जमीन और प्लॉट से जुड़े विवादों का निराकरण कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। पारसी मोहल्ला निवासी एक शातिर आरोपी ने जमीन के मामलों को सुलझाने और लाभ दिलाने का झांसा देकर फरियादी और उसके साथियों से करीब ३१.७६ लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पारसी मोहल्ला निवासी शैलेंद्र उर्फ चीकू दीक्षित ने इस पूरी धोखाधड़ी को अंजाम दिया। आरोपी ने फरियादी और मामले के गवाहों को विश्वासमें लिया था कि वह उनके प्लॉट और जमीन से संबंधित विवादों का निपटारा करवा देगा। इस काम के बदले और कानूनी प्रक्रियाओं में लाभ पहुँचाने का भरोसा दिलाकर आरोपी ने अलग-अलग समय पर कुल ३१,७६,४४५ रुपये की बड़ी राशि प्राप्त की।जब काफी समय बीत जाने के बाद भी जमीन के मामलों में कोई प्रगति नहीं हुई, तो पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोपी शैलेंद्र ने न तो कोई निराकरण कराया और न ही ली गई राशि वापस की। पुलिस की शुरुआती जांच में यह पाया गया कि आरोपी ने छलपूर्वक आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से ही यह पूरा जाल बुना था। इससे फरियादी और साक्षियों को भारी आर्थिक क्षति पहुँची है।
