वीडियो कोच बस में यात्रियों की जगह भरा था साढ़े पांच लाख रूपए मूल्य का खोपरा – आरटीओ ने पकड़ा

इंदौर,
इंदौर में नियम विरूद्ध चल रही बसों के खिलाफ कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर परिवहन विभाग, प्रशासन और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जाँच के दौरान एक वीडियो कोच बस को पकड़ा गया, जिसमें बड़ी मात्रा में खोपरा भरा हुआ पाया गया। इसे उत्तर प्रदेश भेजा जाना था। अधिकारियों ने तत्काल खाद्य एवं औषधी प्रशासन के अधिकारियों को बुलाया। खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा खोपारा के सेंपल लिए गये। बस को खोपरा बूरा के साथ जब्त किया गया। इस दौरान टीम ने कुल 6 बसों को जब्त किया है। जबकि 9 बसों से करीब 95 हजार रूपये का जुर्माना शुल्क वसूल किया गया है।
आरटीओ श्री प्रदीप शर्मा ने बताया कि बीते दिनों कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन में संयुक्त जांच दल ने मंगलवार को वर्ल्ड कप चौराहा और तीन इमली बस स्टैंड क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाते हुए यात्री सुरक्षा और ट्रैफिक सुधार की दिशा में बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान परमिट, फिटनेस, इमरजेंसी गेट, फायर सेफ्टी सिस्टम, फर्स्ट एड बॉक्स, एचएसआरपी, रिफ्लेक्टर सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 बसों को जप्त किया गया, 9 बसों से 95 हजार रूपये का जुर्माना वसूला गया। 2 बसों से 1.64 लाख रूपये टैक्स की वसूली की गई और 1 बस की फिटनेस रद्द की गई। इस दौरान टीम को एक पब्लिक वीडियो फुटेज भी प्राप्त हुआ, जिसमें एक प्राइवेट पासिंग मैजिक वाहन पालदा रोड पर बड़ी संख्या में बच्चों को स्कूल ले जाते हुए दिखाई दी। वाहन की पहचान कर उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में आरटीओ श्री प्रदीप शर्मा, एसडीएम श्री ओम नारायण बड़कुल, ट्रैफिक एसीपी मनोज खत्री, सहित जांच टीम शामिल रही। अधिकारियों ने बताया कि यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
