अंगदान के लिये जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जाये : सांसद लालवानी

सांसद लालवानी की अध्यक्षता में इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन की बैठक संपन्न
इंदौर
सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन की जनरल बॉडी की बैठक एमजीएम मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में संपन्न हुई। बैठक में सांसद श्री लालवानी ने इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन द्वारा किये जा रहे कार्यों और गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की और सभी सदस्यों का परिचय लिया। बैठक में बताया गया कि अंगदान में इंदौर प्रदेश में सबसे आगे है। गत वर्ष प्रदेश भर में कुल 350 अंगदान हुए, जिसमें से 195 अंगदान केवल इंदौर में हुए। उन्होंने कहा कि अंगदान के लिये विभिन्न उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, नर्सिंग कॉलेज एवं समुदाय में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जाये, ताकि समाज को अंगदान के बारे में जानकारी मिल सके। साथ ही काउंसलर को प्रशिक्षित किया जाये। अंगदान अभियान में समाज के अन्य वर्गों को भी शामिल किया जाये।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल सहित महाराज यशवंतराव हॉस्पीटल में अंगदान के लिये बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाये। साथ ही त्वचा बैंक को और बेहतर बनाया जाये। उन्होंने कहा कि इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन की बैठक हर माह आयोजित किया जाये। अंगदान करने वाले परिवारों को समाज में विशेष महत्व दिया जाये। बैठक में इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन के सचिव डॉ.अरविंद घनघोरिया, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन पंवार, डॉ. शोजी जोसफ, सामाजिक कार्यकर्ता जनक पलटा मगीलिगन, डॉ. मनीष पुरोहित, मुस्कान ग्रुप के संदीपन आर्य, डॉ. विवेक जोशी, डॉ. सुशील जैन सहित विभिन्न अस्पतालों के विषय विशेषज्ञ, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
