इंदौर। लसूड़िया क्षेत्र में एक चौंकाने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने बड़ी चालाकी से घर के मुख्य दरवाजे की चाबी का पता लगाकर चोरी को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाश घर के गमले में रखी चाबी से ताला खोलकर अंदर घुसा और लाखों के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गया। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक, स्कीम १३६ निवासी सतीश पिता जग्गनाथ ठाकुर के घर यह चोरी हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोर ने मुख्य गेट पर लगे ताले को खोलने के लिए घर के बाहर गमले में रखी चाबी का इस्तेमाल किया। चाबी से आसानी से ताला खोलकर अज्ञात बदमाश घर के अंदर दाखिल हुआ और सीधे अलमारी तक पहुंचा। चोर अलमारी से पुराने इस्तेमाली सोने के कान के झाले, सोने का पेंडल, मंगलसूत्र, सोने की चेन, चांदी की दो जोड़ पायल, चांदी के दो सिक्के और कुछ नगदी चुरा ले गया।चोरी की वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घर से कीमती सामान चुराने के बाद चोर ने न केवल ताला वापस लगाया, बल्कि चुराई गई चाबी को दोबारा उसी गमले में वापस रख दिया जहां से उसने उसे उठाया था। लसूड़िया थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि शातिर चोर की पहचान की जा सके। पुलिस का मानना है कि आरोपी कोई परिचित हो सकता है, जिसे चाबी रखे जाने की जगह की जानकारी थी।
