विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई दिशा है बेंका सिंचाई तालाब परियोजना : मंत्री श्री सिलावट
विधायक ऊषा ठाकुर के प्रयासों से पूरी हुई बरसों पुरानी मांग
1270.08 लाख रूपये लागत की इस परियोजना से आसपास के सैकड़ों किसानों को मिलेगा लाभ


इंदौर,
महू तहसील के जनजातीय बहुल क्षेत्र की बरसों से लंबित मांग आखिरकार शुक्रवार को पूरी हो गई। स्थानीय विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर के दृढ़ संकल्प और अथक प्रयासों से निर्मित मां शबरी बेका तालाब का भव्य लोकार्पण समारोह आज दोपहर शुक्रवार को संपन्न हुआ।जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को डॉ. अम्बेडकर नगर महू क्षेत्र में 1270.08 लाख रूपये लागत से बने बेंका सिंचाई तालाब परियोजना का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि आज का यह दिन हमारे क्षेत्र, हमारे किसानों और हमारी भावी पीढ़ियों के लिए अत्यंत शुभ और ऐतिहासिक अवसर लेकर आया है। हम सभी यहां सिंचाई तालाब परियोजना के लोकार्पण के साक्षी बन रहे हैं। बेंका सिंचाई तालाब परियोजना ऐसी परियोजना, जो केवल जल संरचना नहीं, बल्कि विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई दिशा है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती कविता पाटीदार, स्थानीय विधायक सुश्री उषा ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना मालवीय, श्री श्रवण चावड़ा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन, किसान एवं माताएं-बहनें मौजूद थीं।
श्री सिलावट ने कहा कि इस परियोजना से आसपास के सैकड़ों किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे भूजल स्तर सुधरेगा और प्राकृतिक जल संतुलन भी मजबूत होगा। गांवों में रोजगार बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। हमारा लक्ष्य केवल तालाब बनाना नहीं है, बल्कि हर बूंद को सहेजना, हर खेत को सींचना और हर किसान को खुशहाल बनाना है। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग निरंतर यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रदेश के प्रत्येक घर, गांव, खेत तक पानी की सुविधा पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल संरक्षण के क्षेत्र में अनेक योजनाएँ क्रांतिकारी रूप से आगे बढ़ रही हैं।
श्री सिलावट ने बताया कि बेंका सिंचाई तालाब वर्ष 2025 में निर्मित एक आधुनिक जल संरचना है, जो वर्षा जल संचयन एवं सिंचाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। तालाब की 2.44 MCM लाइव क्षमता से लगभग 370 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई उपलब्ध होगी। परियोजना से लगभग 1100 किसान और 4 ग्राम बेका, उमड, रसकुंडिया एवं कुलठाना प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त करेंगे। नवीन तकनीकों के उपयोग से निर्मित यह तालाब क्षेत्र में जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और रबी-खरीफ फसलों की सिंचाई में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।लोकार्पण समारोह में जुटी भीड़ :- इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री (जल संसाधन मंत्रालय) व तुलसीराम सिलावट ने मुख्य अतिथियों के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुश्री ऊषा दीदी ठाकुर ने की। जनजातीय समुदाय से बसे इन गाँवों की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह और उल्लास देखा गया।
