
खाद्य विभाग द्वारा विगत दिनों जम्बूर्डी हप्सी अरिहंत नगर इंदौर स्थित अनाज गोदाम पर अवैध भंडारण, राशन की कालाबाजारी की शिकायत पर छापा मार कार्यवाही की गई। जांच में मौके पर एक गोदाम में गेहूं एवं चावल भंडारित पाया गया है। गोदाम को राजेश वर्मा द्वारा किराये पर लेकर स्वयं अनाज व्यापार हेतु संचालित किया जाना पाया गया। मौके पर उपस्थित राजेश वर्मा और उनके मुनीम सोनू राजपूत द्वारा बताया गया कि उक्त गेहूं, चावल विभिन्न ऑटो वालों द्वारा गोदाम पर आकर बिक्री किया गया है, जिसे राजेश वर्मा द्वारा खरीदा गया है। मौके पर एक सवारी ऑटो भी पाया खड़ा मिला, जिसके अंदर प्लास्टिक बारदानों में चावल भरा पाया गया। ऑटो चालक मुर्तुजा द्वारा पीडीएस में वितरित किया जाने वाला गेहूं एवं फोर्टिफाईड चावल विभिन्न हितग्राहियों से खरीदा जाना बताया गया एवं गोदाम का संचालन हेमराज यादव द्वारा किया जाना बताया गया। मौके पर पाया गया चावल कुल वजन 54.30 क्विंटल सार्वजनिक वितरण प्रणाली का फोर्टिफाईड चावल होने की आशंका पर एवं गोदाम में भंडारित गेहूं कुल वजन 68.50 क्विंटल बिना बिल, वैध दस्तावेज के व्यापार किये जाने की आशंका पर जब्त किया गया है। मौके पर पाया गया सवारी ऑटो भी जब्त किया गया है। विभाग द्वारा हेमराज यादव, राजेश वर्मा, सोनू राजपूत एवं मुर्तुजा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 में प्रकरण दर्ज किया गया है। उक्त प्रकरण में 17 नवम्बर को हेमराज यादव, राजेश वर्मा, सोनू राजपूत एवं मुर्तुजा के खिलाफ पुलिस थाना गांधीनगर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है
