
हॉस्पीटल परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र शुरू करने के दिए निर्देश
विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का ध्यान रखा जाये
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में रॉबर्ट नर्सिंग होम की प्रबंध समिति की बैठक संस्थान परिसर में संपन्न हुई। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने रॉबर्ट नर्सिंग होम में चल रहे विकास कार्यों को देखा और उसकी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि रॉबर्ट नर्सिंग होम में बड़ी संख्या में आमजन उपचार के लिए आते हैं, इसलिये यहां एक प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र की आवश्यकता है, इसे शीघ्र प्रारंभ किया जाये। जन औषधि केन्द्र खुलने से आमजन को दवाईयां, इंजेक्शन, मेडिकल उपकरण आदि में रियायत मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि रॉबर्ट नर्सिंग होम में नर्सिंग कॉलेज भी शुरू किया जाये। हॉस्पीटल की पुरानी बिल्डिंग ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अत: इसे बरकरार रखी जाये और पास की भूमि पर नई बिल्डिंग बनायी जाये। निर्माण संबंधी सभी कार्य विशेष कार्ययोजना बनाकर किये जाये। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित होना चाहिये।
बैठक में बताया गया कि ओल्ड सीहोर रोड स्थित रॉबर्ट नर्सिंग होम इंदौर में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। यहां बहुत ही रियायत दरों पर मरीजों का इलाज किया जाता है। वर्तमान में यहां 70 बेड का हॉस्पीटल है। जिसमें कई प्रकार की सुविधाएं हैं। बेहतर आईसीयू यूनिट है। नाम मात्र शुल्क पर किडनी रोगियों का डायलिसिस किया जाता है।
बैठक में बताया गया कि चेरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से रॉबर्ट नर्सिंग होम में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ब्लड बैंक यूनिट स्थापना का कार्य प्रचलन में है। साथ ही कैंसर मरीजों के लिये न्यू कीमोथेरेपी डे केयर सेंटर निर्माणाधीन हैं, जहां सर्जरी भी हो सकेगी। इसके अलावा हॉस्पीटल परिसर में मरीजों के परिजनों के बैठने के लिये सुव्यवस्थित वेटिंग लांज का कार्य चल रहा है। एक नई लिफ्ट लगायी जा रही है। साथ ही ऑपरेशन थियेटर का रिनोवेशन एवं नई जनरेटर यूनिट प्रस्तावित है।
बैठक में मानद सचिव डॉ. वी.एस. यशलाह, संयुक्त सचिव डॉ. मुकेश खापरा, कोषाध्यक्ष डॉ. सर्वज्ञ भटनागर एवं बोर्ड मेम्बर्स उपस्थित हुए। बैठक में बोर्ड के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी अपने विचार और सुझाव रखे।
