नर्मदापुरम से आए कलाकारों ने अद्भुत समां बांधा, हर कोई बना रहा मंत्रमुग्ध

इंदौर, । नर्मदापुरम के सेठानी घाट, उज्जैन के राम घाट, हरिद्वार की हर की पौड़ी और ओंकारेश्वर के नागर घाट के साथ वृन्दावन के 56 भोग की झलकियाँ सोमवार शाम को निपानिया स्थित होटल एएफसी के परिसर में जीवंत हो उठीं। श्री अग्रसेन महासभा के स्नेह मिलन, अन्नकूट एवं 56 भोग श्रृंगार दर्शन महोत्सव में सैकड़ों समाजबंधु ने भाव-विभोर होकर इस अद्भुत और अनुपम उत्सव को न केवल निहारा, बल्कि मंत्रमुग्ध होकर पूरे भक्ति भाव से आत्मसात भी किया।
महासभा के अध्यक्ष कैलाशनारायण बंसल, सचिव राजेश मित्तल एवं संयोजक राजेश गर्ग केटी और प्रमोद बिंदल ने बताया कि इस मौके पर नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर माँ नर्मदा की हजारों दीपों से आरती करने वाले आचार्य पं. अविनाश मिश्रा शास्त्री और उनके 11 साथियों ने माँ नर्मदा की भव्य आरती से ऐसा परिदृश्य बनाया कि हर की पौड़ी, उज्जैन के राम घाट और ओंकारेश्वर के नागर घाट पर होने वाली भव्य आरतियों के मनोहारी दृश्य साकार हो उठे। हर कोई अपने मोबाइल कैमरों में इस आल्हादकारी प्रसंग को कैद करने में जुटा रहा। वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, पी डी अग्रवाल कांट्रेक्टर, अरुण आष्टावाले, अजय आलूवाले, पी डी अग्रवाल महू, सतीश गुप्ता, उमाकांत गर्ग, महेंद्र पी डी अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, राजेश बंसल, प्रवीण मुरारका, प्रदीप बंसल, अरुण जैन, रामनिवास मित्तल, गणेश गोयल, गोविन्द सिंघल, संतोष गोयल, गोविन्द गर्ग भमौरी सहित विभिन्न अग्रवाल संगठनों के पदाधिकारी इस उत्सव में पूरे समय शामिल रहे।
इस रंगारंग महोत्सव में शिवशक्ति डांस ग्रुप के कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियां और गायक शुभम तारे तथा सावन म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने अपने मधुर गीतों से जबरदस्त समां बांधे रखा। महोत्सव की शुरुआत भगवान श्रीनाथजी को वृन्दावन से बुलवाए गए परंपरागत 56 भोग समर्पण से हुई। देर रात तक चले महोत्सव में सपरिवार आए समाजबंधुओं एवं मेहमानों ने महाप्रसादी का भी पुण्यलाभ लिया। संचालन किया सीए एस एन गोयल ने और आभार माना संयोजक प्रमोद बिंदल तथा राजेश गर्ग केटी ने।
