
इंदौर,
राज्य शासन द्वारा प्रदेश के नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा की बेहतरी के लिए चलायी जा रही संजीवनी 108 एम्बुलेंस प्रभावशाली सिद्ध हो रही है। साथ ही शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं से भी आमजन लाभान्वित हो रहे हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण धार जिले के ग्राम केसरी में देखने को मिला। जब एक गर्भवती महिला को अचानक पेट में उठे दर्द के बाद उसे सुरक्षित प्रसव कराया गया। इसमें शासकीय स्वास्थ्य सेवा और संजीवनी 108 एम्बुलेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गत 18 नंवबर की सुबह, धार जिले के केसरी ग्राम निवासी श्याम अपनी गर्भवती पत्नी और बेटे को मोटर साइकिल पर बिठाकर इंदौर से धार जिले स्थित अपने गाँव लेकर जा रहे थे। कलारिया ग्राम के बाहरी क्षेत्र से गुजरते हुए महिला को तकलीफ हुई, उसने पति से मोटर साइकिल रोकने को कहा, पति ने सड़क किनारे मोटर साइकिल खड़ी की, तब पत्नी ने श्याम से कहा कि दर्द हो रहा है, लगता है प्रसव पीड़ा हो रही है, बच्चा बाहर आ रहा है, तब पति ने समीप के दुकानदारों से मदद मांगी, उन्होंने जनपद अध्यक्ष श्री रवि चौधरी का मोबाइल नंबर देकर उनसे मदद मांगने को कहा, श्याम ने जनपद अध्यक्ष को फोन पर अपनी स्थिति बताकर तुरंत सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया।
जनपद अध्यक्ष श्री चौधरी ने कलारिया आयुष्यमान आरोग्य मंदिर की सी.एच.ओ. सुश्री सुनीता दांगी को फोन किया। स्वास्थ्य सुविधाओं का एक भरोसेमंद सुरक्षित एवं त्वरित सेवा करने वाला चेहरा उभर कर सामने आया। तुरंत मेडिकल किट लेकर कर कैंपस में उपस्थित व्यक्ति के साथ मोटर साइकिल से ग्राम के बाहर उस स्थान पर पहुंची, वहाँ देखा कि बच्चे का सिर बाहर आ चुका है, उसे अस्पताल ले जाने का समय नहीं है, तुरंत उसका सुरक्षित प्रसव करवाया। संजीवनी 108 एम्बुलेंस भी तब तक वहाँ पहुँच गई थी। महिला को रक्तस्त्राव हो रहा था, उसे समीपस्थ सामुदायिक केन्द्र बेटमा में रेफर किया, बेटमा सीएचसी में जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित है। दंपति, ग्रामवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की इस तुरंत, भरोसेमंद सेवा पर अपार संतोष जताया व प्रसन्नता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर में समीपवर्ती जिलों से लोग निरन्तर आवागमन करते है।
