इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ एक घर की छत पर कपड़े सुखाने गई युवती के साथ ठेकेदार ने न केवल छेड़छाड़ की बल्कि अश्लील हरकत करते हुए उसे जबरदस्ती चुम्बन किया। आरोपी ने विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। बाणगंगा पुलिस के मुताबिक, २२ वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आरोपी रवि पिता प्रेम कुमार कुशवाह निवासी न्यू सुंदर नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने घर की छत पर कपड़े सुखाने के लिए गई थी। उसी समय उनके घर पर काम करने वाला ठेकेदार रवि कुशवाह छत पर आ गया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी रवि ने युवती को छत पर अकेला देखकर उससे बात करनी चाही। पीड़िता के मना करने और नीचे जाने की कोशिश करने पर, ठेकेदार रवि ने छेड़छाड़ की, बुरी नीयत से उसका बायाँ हाथ पकड़ लिया और उसके हाथ से कपड़े की बाल्टी छीन ली। इसके बाद, आरोपी ने युवती को अपनी तरफ खींचा और उसके साथ गंदी हरकत करते हुए जबरदस्ती उसका चुम्बन किया। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर, आरोपी मौके से भाग गया लेकिन जाते-जाते उसे धमकी दी कि यदि किसी को यह बात बताई तो तुझे जान से खत्म कर दूँगा। ह्यपुलिस ने आरोपी रवि कुशवाह के खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
