इंदौर। बाणगंगा थाना इलाके में बीती रात चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों ने एक चाय दुकानदार और उसके भाई को रोककर पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर दुकानदार के पैर में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी और हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। बाणगंगा पुलिस के मुताबिक घटना वृन्दावन कॉलोनी के पास देर रात लगभग ११:३० बजे हुई। फरियादी जतिन पिता राजेंद्र चौहान, निवासी महेश यादव नगर, अपनी चाय की दुकान से काम खत्म करके अपने भाई अर्पित कश्यप के साथ स्कूटी से घर जा रहा था। जब वे लोग वृन्दावन चौराहा पर पहुँचे, तभी कान्हा चौहान निवासी महेश यादव नगर और मीत निवासी लक्ष्मीबाई स्टेशन पानी की टंकी के पास ने उनकी गाड़ी रोक ली। शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने जतिन और अर्पित कश्यप को गालियाँ देना शुरू कर दिया। जब दोनों भाइयों ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। इसी बीच, आरोपी कान्हा चौहान ने चाकू निकाला और जतिन के बाएँ पैर की जाँघ में वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। जतिन के भाई अर्पित कश्यप ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहाँ से भाग गए।जाते-जाते उन्होंने दोनों भाइयों को धमकी देते हुए कहा, आज तो तुम लोग बच गये, आईंदा हमसे उलझे तो तुम लोगों को जान से खत्म कर देंगे। फरियादी जतिन की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने आरोपी कान्हा चौहान और मीत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
