राऊ थाना इलाके के बायपास स्थित पलाश परिसर में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। परिसर की छठी मंजिल से कूदकर एक स्विमिंग कोच महिला ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और मृतक महिला के लिव-इन पार्टनर को हिरासत में लिया है। मृतक महिला की पहचान निकिता कजरिया (३३) के रूप में हुई है। निकिता अपने साथी असीम राजन के साथ पलाश परिसर के एक फ्लैट में किराए पर रहती थी। बताया जा रहा है कि निकिता और असीम पिछले लगभग १० वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में थे। स्थानीय निवासियों ने रात करीब १ बजे परिसर के नीचे एक शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी कृष्णा लालचंदानी और राऊ थाना प्रभारी राज राठौर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने निकिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। प्रारंभिक जांच के बाद, पुलिस ने देर रात निकिता के साथी असीम राजन को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले के सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है और असीम से पूछताछ जारी है।
