इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तेजी से जारी—कलेक्टर श्री वर्मा ने की सराहना
उल्लेखनीय कार्य करने वाले बीएलओ को मिलेगा पुरस्कार

इंदौर,
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2025) का कार्य तेज गति से जारी है। इसी क्रम में सांवेर विधानसभा क्षेत्र के सुराखेड़ी में पदस्थ बीएलओ श्री नीरज चौधरी ने एक मिसाल पेश करते हुए यह कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कर लिया है। उन्हें इंदौर जिले के साथ ही संभाग में ऐसा करने वाले पहले बीएलओ होने का गौरव प्राप्त हुआ है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवम वर्मा ने श्री चौधरी की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की तत्परता लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने अन्य बीएलओ को भी निर्देशित करते हुए समय सीमा के भीतर पुनरीक्षण कार्य पूर्ण करने की अपेक्षा की है। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट किया कि समय सीमा का पालन करते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही या उदासीनता बरतने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। सांवेर के एसडीएम श्री घनश्याम धनगर ने भी बीएलओ श्री नीरज चौधरी को आज सम्मानित किया गया। उन्होंने श्री चौधरी के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि श्री चौधरी द्वारा भाग संख्या 35 सुराखेड़ी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र का SIR 2025 का कार्य न केवल समय से पूर्ण किया गया है, बल्कि उसे शत-प्रतिशत डिजिटलाइज भी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हम सभी इस पवित्र और राष्ट्रहित के कार्य में जुड़े हुए हैं। अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि हमारे बीएलओ श्री नीरज चौधरी ने जिले के साथ ही संभाग में भी सर्वप्रथम SIR 2025 का कार्य पूर्ण कर उदाहरण प्रस्तुत किया है।
