इंदौर
भंवरकुआं थाना क्षेत्र के भोलाराम उस्ताद मार्ग पर एप्पल कंपनी के नाम से नकली मोबाइल एसेसरीज बेचने वाले चार दुकान संचालकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली लोगो, कवर और चार्जिंग एसेसरीज बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, एप्पल कंपनी के प्रतिनिधि विशाल जडेजा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित कुछ दुकानों पर कंपनी के ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली सामान असली बताकर बेचा जा रहा है। थाना प्रभारी राजकुमार यादव के निर्देशन में उप निरीक्षक धर्मवीर सिंह चौहान की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से चिन्हित दुकानों पर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनकी पहचान संतोष रावत निवासी मनावर मूसाखेड़ी, ऋतिक वाधवानी निवासी राजा बाग कॉलोनी, निलेश गौतम और अविनाश निवासी सुदामा नगर के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से एप्पल के नकली लोगो वाले मोबाइल कवर, २५ से अधिक चार्जिंग केबल, एडेप्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया गया है। सभी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं नकली सामान के खिलाफ एक अन्य कार्रवाई सेंट्रल कोतवाली पुलिस द्वारा की गई। पुलिस ने मोहन पिता ओमप्रकाश सिंधी को गिरफ्तार किया है, जो एक नामी कंपनी के रैपर का उपयोग कर नकली वाशिंग पाउडर बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से २० किलो से अधिक नकली पाउडर बरामद किया है। मामले में कॉपीराइट और जालसाजी की धाराओं में जांच की जा रही है।
