स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ की स्मृति में फोटोग्राफी प्रतियोगिता पुरस्कार भी
इंदौर। वरिष्ठ पत्रकार विद्याधर शुक्ला एवं ज्योतिषाचार्य ज्वालाप्रसाद शुक्ला स्मृति पत्रकारिता एवं ज्योतिष सम्मान समारोह आज गुरुवार, 04 दिसंबर को शाम 07 बजे अभिनव कला समाज में आयोजित हो रहा है, इसी के साथ पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ की स्मृति में फोटोग्राफी स्पर्धा के पुरस्कार भी वितरित किए जायेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में म.प्र. शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय होंगे, वहीं राष्ट्र कवि सत्यनारायण सत्तन, विधायक मालिनी गौड़, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, प्रदेश महामंत्री भाजपा गौरव रणदिवे एवं वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष खंडेलवाल विशेष अतिथि होंगे।
कार्यक्रम संयोजक शैलेंद्र शुक्ला एवं नवनीत शुक्ला ने बताया कि दैनिक दोपहर एवं और स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के सहभाग से आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता में उल्लेखनीय कार्य करने वाले छः पत्रकारों और ज्योतिष के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाले तीन ज्योतिष पं. रामचंद्र शर्मा “वैदिक”, पं दिनेश पुराणिक, पं. प्रेमानंद महाराज को सम्मान निधि एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष छः वरिष्ठ पत्रकार शशिकांत शुक्ला, राजा शर्मा, गीत दीक्षित, ललित उपमन्यु, राजेश राठौर, देवेन्द्र शर्मा एवं संजय जलगांवकर पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट सेवाओं के लिए अभिनन्दन भी किया जाएगा। वहीं युवा पत्रकारों की श्रेष्ठ पत्रकारिता के लिए मुकेश मंगल, रफ़ी मोहम्मद शेख, विपिन नीमा, डॉ. पंकज पांडे, राजेश पिपलोदिया, कमलेश्वर सिसोदिया एवं राकेश राठौर को सम्मान निधि एवं सम्मान पत्र के साथ अलंकृत किया जाएगा।
हर वर्ष की तरह पूर्वं मंत्री स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ की स्मृति में सुन्दर और स्वच्छ शहर को लेकर फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी थी। इसमें 25 से अधिक प्रविष्ठियां प्राप्त हुई थी। प्रतियोगिता में 11 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार रविन्द्र सेठिया, 5 हजार रूपये का द्वितीय पुरस्कार जयेश मालवीय, मो. शाकिर सिद्दकी, 3 हजार रूपये का तृतीय पुरस्कार राजेश मालवीय, दीपक जैन एवं नितिन सोलंकी को मिला है। इसके अलावा 11 सौ रूपये के सात प्रोत्साहन पुरुस्कार दिलीप भालेराव, प्रफुल्ल चौरसिया, नीलेश होलकर, आन्नद शिवरे, ओपी सोनी, गोपाल वर्मा एवं विशाल चौधरी को दिया जाएगा। फोटोग्राफी प्रतियोगिता फोटो चयन के लिए छः वरिष्ठ संपादकों की ज्यूरी द्वारा निर्णय लिया गया है। स्व. शुक्ला द्वय की स्मृति में यह आयोजन विगत पांच वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।

