
इंदौर।
संस्था सेवा सुरभि के तत्वावधान में चल रहे “झंडा ऊँचा रहे हमारा” अभियान के अंतर्गत शनिवार सुबह रीगल चौराहे पर राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का एक भावुक व प्रेरक दृश्य देखने को मिला, जब अल्पसंख्यक समुदाय के 40 विद्यालयों से आए करीब 600 विद्यार्थियों ने अनुशासित और उत्साहपूर्ण तिरंगा यात्रा निकालते हुए गांधी हॉल से रीगल चौराजा स्थित इंडिया गेट तक मार्चपास्ट किया। हाथों में तिरंगा, होठों पर देशभक्ति के नारे और आँखों में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव लिए इन विद्यार्थियों ने यह सिद्ध करने का विनम्र प्रयास किया कि राष्ट्रप्रेम की असली ताकत युवा पीढ़ी में ही बसती है।
इंडिया गेट पर संस्था सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, कुमार सिद्धार्थ, पंकज कासलीवाल, अनुराग जैन और कमल कलवानी ने रैली में शामिल विभिन्न स्कूलों के संचालकों, प्राचार्यों और प्रतिनिधियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में इसहाक खान, याकूब मेमन, अल्ताफ हुसैन मंसूरी, सैयद इरशाद अली, नीलोफर खान सहित कई स्कूल संचालकों एवं रैली में भागीदार बने लोगों को उनके योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके पूर्व गाँधी हॉल में अभ्यास मंडल के रामेश्वर गुप्ता, आलोक खरे, राजू सैनी, शफी शेख, प्रो. असद खान और प्रणिता दीक्षित ने हरी झंडी दिखाकर इस विशाल रैली को रवाना किया। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों का जोश, अनुशासन और एकता देखते ही बनती थी। “झंडा ऊँचा रहे हमारा”, हिंदुस्तावन जिंदाबाद के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। इंडिया गेट के सामने पहुँचकर विद्यार्थियों ने अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया और साथ ही शहर को नशा मुक्त बनाने का संदेश भी दिया। सभा का संचालन शफी शेख ने किया और अंत में सैयद इरशाद अली ने आभार माना।
सोमवार को तितलियों पर दिलचस्प बातचीत – झंडा ऊँचा रहे हमारा अभियान के तहत चिड़ियाघर के पास रेसीडेंसी एरिया स्थित सन्मति स्कूल के सभागृह में सुबह 10 बजे से पर्यावरणविद डॉ. ओपी जोशी एवं डॉ. किशोर पंवार “पर्यावरण में पेड़ और तितलियों का संबंध” विषय पर परिचर्चा में दिलचस्प जानकारियां देंगे। कार्यक्रम सन्मति स्कूल के सभा गृह में होगा। अभियान के तहत इंडिया गेट की प्रतिकृति पर स्कूली बच्चों द्वारा सुबह 8 से 10 बजे तक अनाम शहीदों को पुष्पांजलि, गीतांजलि और श्रद्धांजलि का सिलसिला प्रतिदिन जारी रहेगा।
