*मतदाता सूची पुनरीक्षण को मिलेगी रफ़्तार – कलेक्टर श्री वर्मा ने ली संयुक्त बैठक, कर्मचारी संगठनों ने दिया सहयोग का भरोसा*

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को तीव्र गति देने, निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवम वर्मा ने आज विभिन्न कर्मचारी संगठनों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी संगठनों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में प्रत्येक विभाग और संगठन की भूमिका अत्यंत अहम है, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी स्वयं भी फॉर्म भरें और दूसरों को जोड़ने में मदद करें।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित शिक्षा, कृषि एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला अधिकारी भी उपस्थित थे। सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि वे आगे आकर इस कार्य में पूर्ण सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि वे स्वयं फॉर्म भरने के साथ अपने परिवार के सदस्यों, संगठन के सदस्यों और आसपास के नागरिकों को भी फॉर्म भरवाने में मदद करेंगे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी शासकीय विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग के अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से भी फॉर्म भरवाएँ और उन्हें प्रेरित करें कि वे अपने परिवार के सदस्यों व पड़ोसियों को भी इस प्रक्रिया से जोड़ें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी इस महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य को सफल बनाने में निर्णायक साबित होगी।
