‘यूनाइटेड इंदौर फोरम’ की पहल पर आयोजित‘वन इंदौर-रन इंदौर’ मैराथन का मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वर्चुअली शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक मधु वर्मा, पद्मश्री सतेंद्र लोहिया सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए हैं।कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई, इस दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य की शपथ भी दिलाई गई।
आयोजन तीन अलग-अलग कैटेगरी (3,5,7 किमी) में हुआ। जिसमें करीब 20 हजार से अधिक लोग शामिल हुए । मैराथन में शामिल लोगों का जगह जगह ढोल से स्वागत किया गया। आयोजन में सेना के जवान भी शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता की तरह अब फिटनेस में भी नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा- महापौर के नेतृत्व में आज इंदौर के नागरिक स्वास्थ्य के लिए दौड़ रहे हैं, फिटनेस का मूल आधार दौड़ है और इंदौर एक बार फिर देश के सामने मिसाल पेश कर रहा है।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौरवासियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इंदौर न सिर्फ स्वच्छता, बल्कि हर क्षेत्र में देश-दुनिया में अग्रणी बन रहा है।
