नहीं रहे धर्मेंद्र, 89 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
हीमैन’ के निधन से शोक में डूबा बॉलीवुड, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

मुंबई। बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। धर्मेंद्र के निधन से देओल परिवार समेत पूरे सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते धर्मेंद्र पिछले कुछ वक्त मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रहे। इसके बाद घर पर उनका इलाज चल रहा था। लेकिन अब उनके निधन की खबर सामने आई है। प्रोड्यूसर करण जौहर ने सोशल मीडिया पोस्ट करके दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की जानकारी दी।
करण जौहर ने निधन को लेकर की पोस्ट
धर्मेंद्र के निधन के बाद करण जौहर ने दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। जिसमें वह लिखते हैं, एक युग का अंत हो गया। धर्मेंद्र के घर के बाहर भी कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को देखा गया। इसमें अमिताभ बच्चन से लेकर देओल परिवार नजर आया।
लंबे समय से बीमार थे धर्मेंद्र
8 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र कुछ दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। कई दिनों तक अस्पताल में इलाज चला। इसके बाद उनका इलाज घर पर ही किया जाने लगा। लेकिन वक्त के साथ तबीयत नहीं सुधरी और सोमवार यानी 24 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र का निधन हो गया।
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म होगी ‘इक्कीस’
89 साल की उम्र में भी धर्मेंद्र एक्टिंग में सक्रिय थे। अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ इस दिग्गज अभिनेता की आखिरी फिल्म होगी। फिल्म इक्कीस की कहानी एक यंग आर्मी आॅफिसर अरुण खेतरपाल की है। महज 21 साल की उम्र में देश के लिए इस सैन्य अधिकारी ने बलिदान दिया था। फिल्म में अभिनेता धर्मेंद्र ने आर्मी आॅफिसर के पिता का किरदार निभाया। वहीं अरुण खेतरपाल के रोल में अगस्त्य नंदा नजर आएंगे। यह फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।
अंतिम संस्कार के बाद रोती हुईं नजर आईं पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल
फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब पंचतत्व में विलीन हो चुके हैं। उनका अंतिम संस्कार मुंबई में विले पार्ले श्मशान घाट पर किया गया, जहां देओल परिवार के साथ कई बड़े फिल्मी सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। इसी बीच, उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दोनों बेहद दुखी और रोती हुई नजर आ रही हैं। अंतिम संस्कार के बाद सामने आए इस वीडियो में हेमा मालिनी और ईशा देओल रोते हुए मीडिया के सामने हाथ जोड़ती दिखीं। दोनों के चेहरे पर गहरा दुख साफ दिखाई दे रहा था। धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर की सुबह 89 साल की उम्र में हुआ। हाल ही में तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पार्थिव शरीर को मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया, जहां उनके बड़े बेटे सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी।
भारतीय सिनेमा के लिए बड़ा नुकसान
राष्ट्रपति से लेकर सेलेब्स तक ने धर्मेंद्र को दी श्रद्धांजलि
सोमवार को दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने दुनिया को अलविदा कह दिया। वह लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। अभिनेता के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने श्रद्धांजलि दी। साथ ही करण जौहर से लेकर काजोल के अलावा कई सेलेब्स ने धर्मेंद्र के निधन पर सोशल मीडिया के जरिए शोक जाहिर किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया। उन्होंने लिखा, मशहूर एक्टर और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। सबसे मशहूर अभिनेताओं में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं। भारतीय सिनेमा की एक बड़ी हस्ती के तौर पर, वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की नई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर अभिनेता धर्मेंद को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनालिटी थे, एक जबरदस्त एक्टर थे, जो अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं।यूनियन मिनिस्टर नितिन गडकरी और कांग्रेस प्रेजिडेंट मल्लिकाअर्जुन खरगे ने भी धर्मेंद्र के निधन पर शोक जाहिर किया है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी है। एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पंवार ने भी ट्विटर पर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
आंखें नम, दिल में गम का समंदर…. अपने वीरू को आखिरी विदाई देने पहुंचे अमिताभ
टूट गई जय वीरू की जोड़ी, शमशान घाट में नम आंखों से पहुंचे अमिताभ बच्चन
धर्मेंद्र बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों में से एक थे। उन्होंने अपनी करियर में कई बड़ी हिट फिल्में दी थीं और उन्होंने कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया था। उनमें से एक अमिताभ बच्चन थे। अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र ने साथ में कई फिल्मों में काम किया था, लेकिन इन दोनों कलाकारों को जय-वीरू की जोड़ी से काफी जाना जाता था। यह जय-वीरू की जोड़ी साल 1975 में फिल्म शोले में नजर आई थी, जिसने बॉक्स आॅफिस पर बंपर कमाई की। अब अमिताभ बच्चन के दोस्त वीरू यानी धर्मेंद्र इन दुनिया में नहीं रहे हैं।
धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले में हुआ है। शमशान घाट पर अपने दोस्त को आखिरी विदाई देने अमिताभ बच्चन पहुंचे. उन्होंने धर्मेंद्र को नम आंखों से विदाई दी, सोशल मीडिया पर अमिताभ बच्चन का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें विले पार्ले शमशान घाट में अमिताभ बच्चन अपने नाती अगस्त्य नंदा के साथ पहुंचते हुए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा आमिर खान और ईशा देओल को भी वहां पहुंचते हुए देखा जा सकता है।
सुपरस्टार धर्मेंद्र के घर के बाहर एम्बुलेंस नजर आने के बाद अब सोशल मीडिया पर विले पार्ले शमशान घाट के वीडियो सामने आए, जिसमें आमिर खान, अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, ईशा देओल और पूरी देओल फैमिली पहुंचती हुई नजर आई। इसके विडियो वायरल होने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर रिएक्शन देते हुए दिख रहे
–
नरेंद्र मोदी ने लिखा-
धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग के अंत का प्रतीक है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्म हस्ती थे, एक अद्भुत अभिनेता, जिन्होंने हर किरदार में गहराई और आकर्षण भरा। विभिन्न भूमिकाओं को निभाने का उनका अंदाज अनगिनत लोगों के दिलों को छू जाता था। धर्मेंद्र जी को उनकी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी उतना ही सराहा जाता था। इस दु:ख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।
प्रियंका चोपड़ा ने धर्मेंद्र को याद करते हुए लिखा भावुक नोट
एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने धर्मेंद्र के निधन पर एक लंबा भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा,साल 2001 में जब मैंने फिल्मों में शुरूआत की थी, तो मेरी पहली साइनिंग अमाउंट विजयता फिल्म्स से मिली थी। मेरी शुरूआती हिंदी फिल्मों में से एक, धर्मेंद्र जी के बैनर तले बनी थी, जिसमें मैंने उनके बड़े बेटे के साथ काम किया। धर्मेंद्र जी और उनके परिवार ने मुझे उस समय बेहद अपनापन दिया, जब मुंबई में कोई मुझे नहीं जानता था। बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो किसी नए कलाकार को इतनी गर्मजोशी और सम्मान से अपनाते हैं। मैं देओल परिवार को अपने करियर की शुरूआत से जानती हूं। मैंने सनी और बॉबी दोनों के साथ कई फिल्मों में काम किया है। उनका जाना बेहद व्यक्तिगत महसूस हो रहा है और मुझे पता है कि ये भावना दुनिया भर के उनके चाहने वालों की भी है। कुछ लोग अपने पीछे फिल्में छोड़ जाते हैं,पर धर्मेंद्र जी ने फिल्में भी छोड़ीं और एहसास भी। उनकी मुस्कान और करिश्मा हर फ्रेम को रोशन कर देता था। यह सिनेमा के लिए बहुत बड़ी क्षति है, लेकिन उनकी विरासत हमेशा अमर रहेगी। मैं जब यह नोट शूटिंग के बीच लिख रही हूं, तो सोचती हूं कितने ही लोग हैं जो धर्मेंद्र जी से प्रेरणा लेते रहेंगे। एक छोटे शहर से बिना गॉडफादर के आए उस शख्स ने इंडस्ट्री में अपनी अमिट पहचान बनाईऔर अपने पूरे परिवार को साथ लेकर चले। वह सच में एक सच्चे हिंदी फिल्म हीरो थे। मेरी संवेदनाएं पूरे देओल परिवार के साथ हैं। ॐ शांति।
