इंदौर
कनाडिया क्षेत्र में सोमवार शाम एक दुखद सडक़ हादसे में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एक वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी की मौत हो गई। नवीनचंद गंगवाल को उनके घर से कुछ दूरी पर एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बिचौली हप्सी क्षेत्र की है। जहां मृतक नवीनचंद पिता नेमीचंद गंगवाल (68) शाम को अपने घर से दूध लेने के लिए पैदल निकले थे, रास्ते में उन्हें एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राहगिरों ने तत्काल घायल नवीनचंद को उठाकर एमवाय अस्पताल भेजा, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। देर शाम को पुलिस के माध्यम से उनके परिवार को घटना की सूचना मिली। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।नवीनचंद गंगवाल एसबीआई में वरिष्ठ पद पर कार्यरत रहे थे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि नवीनचंद का परिवार देवास जिले से संबंध रखता है और वह मध्यप्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री मिश्रीलाल गंगवाल के भतीजे थे। मिश्रीलाल गंगवाल प्रदेश के वित्तमंत्री का पद भी संभाल चुके थे। नवीनचंद के परिवार में दो बेटे हैं। बताया गया है कि उनका एक बेटा अमेरिका और दूसरा बेंगलुरु में रहता है। परिवार ने निर्णय लिया है कि बड़े बेटे के अमेरिका से इंदौर पहुंचने के बाद आज शाम को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
