एक युवक ने नादिया नगर क्षेत्र में अपने दोस्त के घर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक तीन दिन से घर नहीं लौटा था, परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मृतक का नाम आयुष राजपूत २६ साल निवासी मयूर नगर है। आयुष का दोस् राजकुमार नादिया नगर में रहता है और घटना उसके ही घर की है। भाई आदर्श के मुताबिक आयुष पिछले तीन दिन से घर नहीं आया था। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। संदेह होने पर आदर्श ने दोस्त राजकुमार को संपर्क किया। राजकुमार ने कमरे पर जाकर देखा लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। लॉक तोड़ने पर आयुष फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आदर्श ने बताया कि वह खिरकिया के रहने वाले हैं और वहां की एक लड़की से आयुष का प्रेम प्रसंग था, लेकिन लड़की के परिजनों को इस रिश्ते से आपत्ति थी। परिजनों ने शंका जताई है कि तनाव के चलते आयुष ने यह कदम उठाया है। एमआईजी पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। आदर्श नेबताया कि माता-पिता नहीं है, परिवार में सिर्फ भाई-बहन है। आयुष अक्सर सांवेर रोड पर रहने वाली बहन के घर रूकता था, लेकिन तीन दिन से वह बहन के घर भी नहीं गया। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड पत्र भी नहीं मिला है।
