इंदौर। तिलकनगर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर प्लॉट पर अवैध कब्जा करने और गलत तरीके से संपत्तिकर खाता खुलवाने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया अतिक्रमण पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। न्यू पलासिया निवासी विजयराज सिंह परिहार ने तिलकनगर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि उनके महावीर नगर स्थित प्लॉट पर नरेंद्र माली नामक व्यक्ति ने बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच की, जिसमें यह बात भी सामने आई कि आरोपी नरेंद्र माली ने प्लॉट पर अपना अधिकार जताने के लिए संपत्तिकर का गलत खाता भी खुलवा लिया था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया शिकायत को सही पाते हुए और अतिक्रमण पाए जाने पर आरोपी नरेंद्र माली के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल, तिलकनगर पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
