महू ,पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बाल महोत्सव समिति, महू द्वारा 45वां बाल महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 14 नवंबर 2025 को कैंटोनमेंट बोर्ड गर्ल्स स्कूल से विद्यार्थियों की भव्य रैली के साथ किया जाएगा, जिसके लिए सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नेहरू प्रतिमा स्थल पर पहुँचेगी, जहाँ बाल सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। रैली का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर विद्यालयों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा स्वागत किया जाएगा।
महोत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विविध प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, चित्रकला, नृत्य, गीत-संगीत, तथा रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। नगर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
समिति के प्रवक्ता कमलेश मिश्रा ने बताया कि बाल महोत्सव का समापन समारोह 29 नवंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस अवसर पर 14 नवंबर को पूर्व विधायक एवं समाजसेवी स्वर्गीय श्री आर.सी. जाल साहब के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
महोत्सव समिति के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य बाल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनमें सृजनशीलता को प्रोत्साहित करना एवं समाज में बाल दिवस की भावना को जीवंत बनाना है।
