अग्रसेन प्रतिमा स्थल, सपना संगीता मार्ग पर यूथ क्लब
द्वारा निर्मित भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण लगभग पूरा हुआ

इन्दौर
नवलखा स्थित अग्रसेन प्रतिमा स्थल पर अग्रसेन यूथ क्लब द्वारा बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं समाज के अन्य सहयोगी बंधुओं के सहयोग से बनवाए जा रहे भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। 45 फीट ऊँचे और 165 फीट चौड़े इस प्रवेश द्वार पर दोनों और महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों अर्थात 18 गौत्र के नाम और उनके “एक रुपया-एक ईंट” के आदर्श सिद्धांत को इस प्रवेश द्वार पर उकेरा गया है। करीब 3 वर्ष की अवधि में बनकर तैयार हो रहे इस प्रवेश द्वार को मध्यप्रदेश का पहला ऐसा प्रवेश द्वार माना जा रहा है, जो पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के निकट एक किले और महल जैसे दर्शनीय स्थल के रूप में नजर आएगा। जल्द ही इस प्रवेश द्वार का विधिवत लोकार्पण एवं शुभारंभ होगा।
अग्रसेन यूथ क्लब के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता एवं सचिव सौरभ गोयल बालाजी ने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से क्लब के एक प्रतिनिधि मंडल ने विधायक गोलू शुक्ला एवं उज्जैन के भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में भेंट कर उन्हें इस प्रवेश द्वार के लोकार्पण का न्योता दिया है। प्रतिनिधि मंडल में प्रवेश द्वार निर्माण समिति के अध्यक्ष गोविन्द सिंघल, संजय बांकडा, पार्षद मृदुल अग्रवाल, प्रयोग गर्ग, राहुल गोयल बंटी सहित क्लब के पदाधिकारी शामिल थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्वस्त किया कि वे इस प्रवेश द्वार के अवलोकन एवं शुभारंभ के लिए जरुर आएंगे।
निर्माण समिति के प्रमुख गोविन्द सिंघल ने बताया कि प्रवेश द्वार को 85 रंगबिरंगी विद्युत सज्जा से शोभायमान किया गया है जो रात्रि के समय अलग ही छटा बिखेरेंगी। अग्रसेन प्रतिमा के निकट होने से इस प्रवेश द्वार की आकृति महलनुमा और सुरक्षा दिवार की तरह नजर आएगी। शुभारंभ और लोकार्पण के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रदेश में इस तरह का प्रवेश द्वार किसी भी अन्य शहर में नहीं है। प्रवेश द्वार के निर्माण में शहर के प्रशासन, नगर निगम एवं समाज के वरिष्टजनों का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ है।
