पहली बार हुए सम्मेलन में मिनी कुंभ सा नजारा: अहीर स्ट्रांग ग्रुप द्वाराआयोजित सम्मेलन में इंदौर सहित प्रदेशभर के समाजबंधु, विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर लिया निर्णय
अतिथियों और समाजबंधुओं ने कहा महाकुंभ समाज के सामाजिक उत्थान में नई भूमिका तय करेगा, इस तरह के आयोजन से नई सामाजिक जन चेतना का संचार होता है

इंदौर. बाणेश्वरकुंड पर रविवार को यादव समाज का सामाजिक सम्मेलन हुआ। इस सम्मेलन में इंदौर सहित प्रदेशभर के हजारों समाजबंधु शामिल हुए। नजारा मिनी कुंभ सा दिखाई दिया। सम्मेलन में समाजबंधुओं ने विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया। इनमें प्रमुख रूप से समाज की नई धर्मशाला की मांग उठी। इसके अलावा समाज का हर साल नि:शुल्क सामाजिक सम्मेलन करवाने, प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज की मातृशक्तियां भी शामिल हुई।
इस आयोजन के लिए अहीर यादव स्ट्रांग ग्रुप द्वारा शहर में पहली बार यादव समाज के इस सम्मेलन का आयोजन किया गया। साधु-संतों के सान्निध्य में सम्मेलन की शुरुआत हुई। सम्मेलन आयोजक के.के. यादव और संयोजक पार्षद शिवम यादव ने बताया सम्मेलन के अतिथि महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पं. सत्यनारायण सत्तन, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, सभापति मुन्नालाल यादव, सुदर्शन गुप्ता, सत्यनारायण पटेल, योगेश यादव, अर्चना जायसवाल, अशोक चौहान चांदू, निरंजनसिंह चौहान गुड्डू, भूपेंद्र केसरी, राजू भदौरिया, रमेश उस्ताद यादव आदि थे। सम्मेलन में महामंडलेश्वर रामगोपालदास महाराज और दादू महाराज के सान्निध्य में सम्मेलन की शुरुआत हुई। अतिथियों ने कहा आयोजन की सराहना की और कहा यादव समाज शहर, प्रदेश और देश में सदैव ही स्ट्रांग रहा है और रहेगा। समाज का यह महाकुंभ समाज के सामाजिक उत्थान में नई भूमिका तय करेगा। इस तरह के आयोजन से नई सामाजिक जन चेतना का संचार होता है।
सम्मेलन के दौरान मंच से समाज की नई धर्मशाला की मांग उठी। सभी ने एक स्वर में कहा कि समाज की नई धर्मशाला बनाई जाए, इसके लिए जमीन की मांग भी की गई। इस पर पार्षद शिवम यादव ने कहा समाज की भव्य धर्मशाला के निर्माण के लिए पुरजोर प्रयास जारी है। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से भी बात हो चुकी है। लगातार समाज की धर्मशाला के लिए प्रयासरत है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों की अगवानी और स्वागत अतिथि सतीश यादव, पुरुषोत्तम यादव, सचिन यादव, मुकेश यादव, सुभाष यादव, बाबूलाल यादव मामा, संतोष यादव, प्रेम यादव, अनिल यादव, बाली गायकवाड़ आदि ने किया। मातृशक्तियों में सुषमा यादव, मंजू यादव, तारा यादव, कविता यादव, कांता यादव आदि ने विभिन्न व्यवस्थाएं संभाली। सुबह से शाम तक चले सम्मेलन में विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। आयोजक के.के. यादव ने बताया 10 हजार से ज्यादा समाजबंधु सम्मेलन में शामिल हुए। इंदौर के अलावा देवास, उज्जैन, खंडवा, खरगोन सहित अन्य जगहों से भी समाजबंधु शामिल हुए। संचालन राजेश यादव ने किया। आभार परवेज पहलवान ने माना।
हर वार्ड में बनाई जाएगी समाज की कार्यकारिणी, बच्चों के लिए होस्टल भी
– अहीर यादव स्ट्रांग ग्रुप द्वारा सभी 85 वार्डों में समाज की कार्यकारिणी बनाई जाएगी। इसमें अध्यक्ष, कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाएंगे। इंदौर के साथ ही प्रदेश में भी संस्था द्वारा अभियान चलाकर समाज के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाएगा।
– सालभर में 5100 सदस्य बनाए जाएंगे।
– समाज की 5 एकड़ जमीन में धर्मशाला और बच्चों के लिए होस्टल बनाया जाएगा
– हर साल नि:शुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा।
– समाज के 1100 छात्र-छात्राओं को हर साल पुरस्कृत किया जाएगा।
– समाज की प्रतिभाओं और जरूरतमंद समाजबंधुओं को हरसंभव मदद ग्रुप द्वारा की जाएगी।
