इंदौर। विजय नगर थाना इलाके में कल एक ई-रिक्शा की बैटरी फटने से हुए हादसे में गंभीर रूप से झुलसी 50 वर्षीय महिला यात्री ने आज सुबह अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना में महिला की वृद्ध माँ और ई-रिक्शा चालक भी बुरी तरह झुलस गए थे, जिनका उपचार अभी भी आईसीयू में जारी है।
विजय नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पवित्रा बाई पति विजय चौहान (50) निवासी निरंजनपुर नई बस्ती के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, यह हादसा कल उस वक्त हुआ जब 85 वर्षीय रामकुंवर बाई पति नाथुसिंह निवासी दिग्गी राजा नगर, देवास और उनकी बेटी पवित्रा बाई ई-रिक्शा में सवार होकर शंकर आई हॉस्पिटल जा रही थीं।रास्ते में हॉस्पिटल से करीब 100 मीटर की दूरी पर अचानक ई-रिक्शा की बैटरी जोरदार धमाके के साथ फट गई। बैटरी फटने से चालक अरुण (34) पिता सत्यप्रकाश गुप्ता निरंजनपुर और दोनों महिला यात्री गंभीर रूप से झुलस गईं।तीनों घायलों को तुरंत एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। टीआई चंद्रकांत पटेल के मुताबिक, गंभीर रूप से झुलसी पवित्रा बाई की आज सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई।
