इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र के सुखलिया में एक शादी समारोह के दौरान नाचते-नाचते एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद दिल का दौरा पड़ने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से शादी के माहौल में अचानक गम पसर गया और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान जितेंद्र पिता संतोष (३५) निवासी बाणगंगा के रूप में हुई है। जितेंद्र पेशे से सैलून का काम करता था। जितेंद्र अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए सुखलिया क्षेत्र में आया था। शादी समारोह के दौरान वह उत्साह से डांस कर रहा था। डांस करते समय ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। तबीयत खराब होने पर जितेंद्र डांस फ्लोर से हटकर डीजे की गाड़ी में जाकर बैठ गया। परिजनों और दोस्तों ने बताया कि वह कुछ देर तक वहीं बैठा रहा, और इसी दौरान उसे गंभीर हार्ट अटैक आया। जब तक लोग कुछ समझ पाते और उसे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की लेकिन जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
