इंदौर
थाना क्षेत्र में एक भारी मालवाहक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बिजली के पोल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पूरा पोल जड़ से उखड़ गया। इस हादसे में करीब दो स्पान (लगभग ८० मीटर) की लोटेंशन सप्लाई लाइन टूटकर नीचे गिर गई, जिससे इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मध्यप्रदेश विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक घटना २९ नवंबर की रात जैन कॉलोनी, सिलिकॉन सिटी रोड स्थित छोगालाल फूड्स लहसुन फैक्ट्री के बाहर हुई। फैक्ट्री से माल लादकर निकल रहा ट्रक नंबर एमपी-११ एचओ०७९३ अचानक सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उससे जुड़ी हुई लगभग ८० मीटर की सप्लाई लाइन भी टूट गई। घटना की सूचना मिलते ही राऊ जोन के बिजली अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त हुए पोल और लाइन के नुकसान का पंचनामा तैयार किया। जाँच और पंचनामा के बाद, बिजली कंपनी ने लापरवाही से संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के लिए ट्रक चालक के खिलाफ राऊ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
