उज्जैन ।
शुक्रवार को मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 के मद्देनजर यातायात और आवागमन व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक ली गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा एवं यातायात पुलिस के अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में शहर में प्रवेश के मुख्य मार्गों के बारे में जानकारी दी गई कि प्रवेश के लिए मुख्य मार्ग इंदौर मार्ग, देवास मार्ग, मक्सी मार्ग, आगर मार्ग, उन्हेल-नागदा मार्ग, बड़नगर मार्ग और चिंतामण जवासिया मार्ग है। सिंहस्थ 2028 के दौरान शाही स्नान/पर्व स्नान के दौरान यातायात मार्ग की प्रस्तावित व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई। इसमें इंदौर मार्ग, देवास मार्ग, मक्सी मार्ग, आगर मालवा मार्ग, बड़नगर मार्ग, चिंतामण मार्ग में सार्वजनिक वाहन तथा निजी वाहनों के प्रवेश, पार्किंग व्यवस्था और वापसी की व्यवस्था के बारे में चर्चा की गई। मेला अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि वाहनों की पार्किंग के लिए मेन पॉवर की अधिक आवश्यकता होगी तथा शहर में प्रवेश में मुख्य मार्गों पर शहर से कुछ दूरी पर पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। जहां पर निजी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वहां से फिर यात्रियों को लाने, ले जाने के लिए सार्वजनिक बसों का संचालन किया जाएगा। शाही स्नान/ पर्व स्नान पर यातायात की व्यवस्था अलग होगी। सिंहस्थ के सामान्य दिनों में अलग से व्यवस्था करना होगी। इसके लिए विस्तार पूर्वक कार्ययोजना बनाई जाने की आवश्यकता है। सार्वजनिक बसों का संचालन सिंहस्थ मेला लगने के प्रथम दिन से किया जाएगा। दिव्यांग जन और वृद्ध लोगों के लिए अलग से स्नान की व्यवस्था की जाएंगी। मेला अधिकारी श्री सिंह ने इसके लिए कार्य योजना बनाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि पार्किंग की व्यवस्था के लिए एक एजेंसी निर्धारित की जाएगी। इसके पश्चात इसका क्रियान्वयन किया जाएगा।

