बेटमा थाना इलाके की फेमस विला कॉलोनी में रविवार सुबह एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने ४ साल के दोनों छोटे बच्चों को साथ लेकर मौके से फरार हो गया। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान रानी पंथी (३० वर्ष),निवासी फेमस विला कॉलोनी के रूप में हुई ।वह पीथमपुर की सौरभ डेयरी में काम करती थीं।
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब ८ बजे की है। आसपास के लोगों ने तुरंत बेटमा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुँची और महिला के शव को कब्जे में लिया। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेटमा भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी पति मनोज पंथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी दो छोटे बच्चों को साथ लेकर फरार हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को
पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
