
इंदौर
शासकीय महिला पॉलीटेकनिक महाविद्यालय राजेन्द्र नगर द्वारा छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में पहली बार फन फेयर का आयोजन किया गया। यह आयोजन “तकनीक की ओर बढ़े – पॉलीटेकनिक चले” अभियान के अंतर्गत संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में तकनीकी कौशल के प्रति रुचि विकसित करना तथा महाविद्यालय में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करना है। संभागीय संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा श्रीमती नीलम निनामा द्वारा फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मेले के माध्यम से छात्राओं ने खेल-खेल में तकनीकी शिक्षा की बारीकियों एवं भविष्य की संभावनाओं को समझा। इस पहल के जरिए न केवल छात्राओं को तकनीकी शिक्षा की ओर आकर्षित किया गया, बल्कि समाज में तकनीकी शिक्षा के महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया।
प्राचार्या श्रीमती विजया शिंदे ने बताया कि फन फेयर में 50 से अधिक स्टॉल, तकनीकी प्रदर्शनी तथा विविध मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिससे छात्राओं को रचनात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण मिला। शहर के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। फन फेयर छात्र-छात्राओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। श्रीमती अफरोज आदिल द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
