खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
—-
पालदा में 500 किलो घी जप्त, दूध व दुग्ध उत्पादों के 29 नमूने जांच हेतु लिए गए
इंदौर, 24 मार्च 2026
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर जिले में उपभोक्ताओं को उचित गुणवत्ता की शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मिलावटखोरों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की जांच के लिए विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 मार्च को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान विभिन्न डेयरी एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए। इस कार्रवाई के अंतर्गत भोले कृपा डेयरी राऊ का निरीक्षण कर दूध के 03 नमूने, श्री राम डेरी सिलिकॉन सिटी से दूध के 03 नमूने तथा पालीवाल एंड संस सिलिकॉन सिटी राऊ से दूध के 02 नमूने लिए गए।
इसी क्रम में श्री अम्बे डेरी सेंटर राऊ का निरीक्षण किया गया, जहां से मिक्स मिल्क गाय का दूध एवं मावा के कुल 04 नमूने जांच हेतु संकलित किए गए। इसके अतिरिक्त एम.डी. संस लिम्बोदी से गुलाब शरबत एवं मेंगो अचार के 02 नमूने, हैप्पी ओवन बेकरी (प्रोपराइटर श्री हितेश मोटवानी) से नमकीन खारी का 01 नमूना, जय माता दी दूध डेरी, लिम्बोदी (प्रोपराइटर श्री दिनेश मालीवाल) से दूध एवं पनीर के कुल 02 नमूने लिए गए।
इसी प्रकार शिव डेरी, भंवरकुआं (प्रोपराइटर श्री राहुल जिराती) से दूध, स्किम्ड दूध एवं पनीर के कुल 03 नमूने, हनुमंत स्वीट्स एवं डेयरी, लिम्बोदी से दूध का 01 नमूना तथा हम्बल काऊ प्राइवेट लिमिटेड, स्कीम नं. 94, रिंग रोड, मानसरोवर नगर से पनीर एवं फुल क्रीम मिल्क के 02 नमूने जांच हेतु संकलित किए गए। इसके अतिरिक्त लक्ष्मी दूध डेयरी, न्यू द्वारकापुरी कॉलोनी (प्रोपराइटर श्री ओम प्रकाश चौहान) से गाय-भैंस के दूध का 01 नमूना, श्री गुरु नानक डेरी, जयरामपुर कॉलोनी (प्रोपराइटर श्री ठाकुरदास आरिजा) से गाय-भैंस मिक्स दूध का 01 नमूना, आर फूड प्रोडक्ट, शांतिनाथ पुरी, हवा बंगला मेन रोड से वनीला मीडियम फैट फ्रोजन आइसक्रीम एवं स्ट्रॉबेरी मीडियम फैट फ्रोजन आइसक्रीम के 02 नमूने तथा पालीवाल एंड संस (इंचार्ज श्री मुकेश जोशी) से मिल्क मिक्स का 01 नमूना लिया गया।
*पालदा में घी की बड़ी जब्ती*
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा मार्बल मंडी, पालदा स्थित श्री धेनू डेयरी प्रोडक्ट्स का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर अनिरुद्ध नवाब उपस्थित मिले, जो संस्थान के संचालक बताए गए। निरीक्षण के दौरान डेयरी में गाय के घी के 24 डिब्बे एवं अन्य घी के 10 डिब्बे पाए गए, जिनमें प्रत्येक डिब्बे में लगभग 15 किलोग्राम घी भरा हुआ था।
घी के संबंध में जानकारी प्राप्त करने पर बताया गया कि उक्त घी पूजा डेरी, मुसाखेड़ी से क्रय कर बाजार में विक्रय किया जाता है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा दोनों प्रकार के घी के नमूने जांच हेतु लिए गए तथा शेष लगभग 500 किलोग्राम घी जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार आज की कार्रवाई में कुल 29 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा बताया गया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
