इंदौर
राऊ थाना इलाके में देर रात निर्माणाधीन मकान की चौकीदारी कर रहे दो लोगों पर आरोपियो ने हमला कर दिया। गाली-गलौज के बाद डंडे से बेरहमी से मारपीट की गई और बीचबचाव करने आए लोगों को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी भाग निकले। राऊ पुलिस के मुताबिक घटना सिल्वर स्टार सिटी, चांद गेट के पास की है। मारपीट की इस घटना में आरोपी पवन राठौर, पीयूष राठौर और उनके अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता लक्ष्मी पवार ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता शिवा पवार के साथ निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी कर रही थीं। इसी दौरान, सामने रहने वाले चौकीदार भैय्यू चौहान का किसी विवाद हो गया। तभी आरोपी पवन और पीयूष अपने साथियों के साथ पहुँचे और भैय्यू को गाली-गलौज करते हुए लकड़ी के डंडे से पीटना शुरू कर दिया। लक्ष्मी और उनके पिता शोर सुनकर बाहर आए तो आरोपियों ने उन्हें भी गालियाँ देते हुए मारपीट की और चोट पहुँचाई। जाते-जाते आरोपियों ने धमकाया कि अगर दोबारा बीच में आए तो सभी को जान से खत्म कर देंगे।
