इंदौर ।
तिलक नगर थाना क्षेत्र के संविद नगर सब्जी मंडी में तीन दिन पहले छेड़छाड़ और उत्पात मचाने के साथ ही भाजपा नेता को गला काटकर जान से मारने की धमकी देने वाले दो मुख्य बदमाशों को तिलक नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन आरोपियों का घटना स्थल पर जुलूस निकाला और बाद में कोर्ट के आदेश से उन्हें जेल भेज दिया गया। तिलक नगर पुलिस के मुताबिक 6 दिसंबर की रात 10.30 बजे पति के साथ सब्जी मंडी जा रही महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी। महिला के शोर मचाने पर उन्हें बचाने अन्य रहवासियों के साथ पहुंचे भाजपा नेता राजकुमार कोठारी उर्फ राजा को आरोपियों ने 24 घंटे में गला काटकर जान से मारने की धमकी तक दे डाली थी। पुलिस ने आरोपी सुमित उर्फ बेरा पिता सुनील बोरासी, सुनील पिता प्रहलाद बोरासी निवासी विनोबा नगर और अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। एसीपी कुंदन मंडलोई ने बतााया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी तिलक नगर मनीष लोधा, एएसआइ अशोक बुनकर, प्रधान आरक्षक मुजफ्फर और अंबिका पटेल की टीम ने आरोपी सुमित उर्फ बेरा और सुनील बोरासी के साथ दो नाबालिगों को भी हिरासत में ले लिया। नाबलिगों के परिजन को बुलाकर समझाइश के साथ प्रतिबंधातमक कारवाई की गई वहीं आरोपी सुमित उर्फ बेरा और सुनील बोरासी को घटनास्थल पर पैदल ले जाकर पुलिस ने तसदीक कराई और जुलूस निकाला। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की प्रशंसा की है।
