इंदौर, विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर चल रहे शिव नवरात्रि महोत्सव में महाशिवरात्रि रविवार, 15 फरवरी को रात्रि में भगवान शिव की चारो प्रहर विशेष महापूजा होगी। यहां भगवान शिव को विभिन्न स्वरूपों में श्रृंगारित करने का क्रम नवरात्रि के पहले दिन से ही चल रहा है। शनिवार को भगवान शिव का सूखे मेवों से मनोहारी श्रृंगार किया गया।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि ब्रह्नलीन महामंडलेश्वर स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’ की प्रेरणा एवं उनके द्वारा स्थापित परंपरा के अनुरूप महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में प्रतिदिन लघु रुद्राभिषेक के साथ संध्या को व्हीं नमः शिवायै च नमः शिवाय महामंत्र से लक्षार्चन आराधना जारी है। आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में संध्या को सहस्त्रार्चन में सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। रविवार को सांय 6 बजे से भगवान शिव का नयनाभिराम श्रृंगार होगा। इसके पूर्व सुबह अभिषेकात्मक सग्रहमख महारूद्र महायाग में आश्रम के 51 वैदिक विद्वानों द्वारा गोघृत से भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा। शाम को सामूहिक शिव महिम्न स्त्रोत एवं लक्ष्यार्चन आराधना के मंत्रों से भगवान शिव की उपासना होगी। महाशिवरात्रि पर रात्रि में चारों प्रहर विशेष आराधना एवं फलों के रस से महाभिषेक के अनुष्ठान होंगे।
