इंदौर
थाना इलाके में एक कंपनी संचालक दंपति ने निवेश और बड़े मुनाफे का लालच देकर कई लोगों के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। कई शिकायतकर्ताओं के पुलिस के पास पहुंचने के बाद पुलिस ने दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। खजराना पुलिस के मुताबिक, फरियादी शोएब पिता सिराज हुसैन निवासी अहमद नगर, खजराना और अन्य की शिकायत पर तंजील इंटरप्राइजेस कम्पनी के प्रोप्रायटर मोहम्मद तबरेज खान और उनकी पत्नी फिरदौस तबरेज खान दोनों निवासी इलियास कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दंपति के खिलाफ मो नावेद, उबेदुल्ला खान, आरिफ उद्दीन, सैयद आसिफ, मो रफीक और फराज खान सहित कई अन्य लोगों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। पीडि़तों का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें भारी मुनाफा देने का झांसा देकर करीब 50 लाख रुपए लिए और उनके साथ धोखाधड़ी की। पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी दंपति की तलाश कर रही है।
