इंदौर
गांधी नगर थाना क्षेत्र के नैनोद मल्टी में पार्टी के दौरान डीजे बंद करने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर सीमेंट ब्लॉक से हमला कर दिया, जिसमें दोनों ओर से कई लोग घायल हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। गांधी नगर पुलिस के मुताबिक, यह घटना गत रात करीब 10:30 बजे नैनोद मल्टी में हुई। पुलिस ने पहले पक्ष के फरियादी राहुल पिता किशोर कदम की रिपोर्ट पर आरोपी विजय जगताप, अजय जगताप और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी राहुल ने बताया कि आरोपी विजय ने उनसे डीजे बंद करने के लिए कहा, जिस पर राहुल ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपी गालियाँ देने लगा। विरोध करने पर विजय ने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। झगड़ा बढ़ता देख आरोपी के भाई, भतीजा और भांजा भी आ गए और पीटने लगे। राहुल के पिता और भाई जब उन्हें बचाने आए, तो आरोपी ने सीमेंट का ब्लॉक उठाकर राहुल के सिर पर मार दिया, जिससे खून बहने लगा। आरोपी ने राहुल की अंगुली में दांत से काट भी लिया। पुलिस ने दूसरे पक्ष के फरियादी अजय पिता अनिल जगताप की रिपोर्ट पर आरोपी राहुल कदम और अन्य चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी अजय ने पुलिस को बताया कि डीजे बंद करने की बात को लेकर आरोपी राहुल ने उन्हें गालियाँ दीं और मारपीट शुरू कर दी। अजय के बड़े भाई विजय, भतीजा शुभम और भांजा अमन जब बीच-बचाव करने लगे, तो राहुल के पिता और अन्य लोग आए और विजय के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान, आरोपी ने वहाँ पड़े सीमेंट के ब्लॉक उठाकर अजय के सिर पर मार दिया, जिससे सिर में चोट लगकर खून निकलने लगा। आरोपियों ने पत्थर मारकर अजय के भतीजे शुभम का भी सिर फोड़ दिया।
