इंदौर ।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, बाणगंगा पुलिस ने भागीरथपुरा क्षेत्र में एक पतंग दुकान पर कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया और दुकान संचालित कर रही महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई बीती शाम करीब 4 बजे मेन रोड, भागीरथपुरा स्थित एक पतंग दुकान पर दबिश देकर की गई। चाइनीज मांझा बेचे जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और 60 वर्षीय किरन वर्मा द्वारा संचालित दुकान से सात चकरा मांझा (रोल) जब्त किए। पुलिस ने बताया कि जप्ती की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के माध्यम से की गई। प्रतिबंधित सामग्री बेचने पर आरोपी किरन वर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है।
