इंदौर
लसूडिय़ा थाना क्षेत्र में बीती शाम एक दर्दनाक सडक़ हादसे में एक निजी कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। युवक ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने रूम पर जा रहा था, तभी वह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। लसूडिय़ा पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम अरंडिया बायपास के पास हुई। मृतक की पहचान अभिषेक पिता अनिल रजक (23) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिषेक एक निजी कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह नजदीक ही अपने रूम पर जाने के लिए निकला था। सडक़ क्रॉस करते समय ही उसे किसी तेज रफ्तार वाहन ने चपेट में ले लिया, जिससे अभिषेक कई फीट दूर जा गिरा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अभिषेक के मोबाइल से परिचितों को कॉल गए, जिसके बाद परिवार को हादसे की जानकारी मिली। चाचा ब्रजेश ने बताया कि अभिषेक मूल रूप से गुना का रहने वाला था और पिछले 10 माह से उनके साथ विस्तारा कॉलोनी में रह रहा था। अभिषेक ने 8 दिन पहले ही कॉलेज के पास रूम लिया था, क्योंकि उसे ड्यूटी पर आने-जाने में आसानी हो और वह डबल ड्यूटी भी कर सके। अभिषेक के पिता गुना में सीमेंट फैक्ट्री में काम करते हैं।
