इंदौर जिले में संचालित विभिन्न प्रमुख शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
लंबित कार्यों को लक्ष्य तय कर समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

इंदौर
अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला शहरी विकास अभिकरण की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में इंदौर जिले की सभी नगर परिषदों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ), डूडा के अधिकारी, इंजीनियर तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री वैश्य ने इंदौर जिले में संचालित विभिन्न प्रमुख शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, चुनौतियाँ और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को प्रदत्त ऋण, पुनर्भुगतान की स्थिति और लाभार्थियों की संख्या की प्रगति पर चर्चा हुई। जिले के बेटमा, सांवेर, महू और गौतमपुरा निकाय में कम प्रगति होने पर श्री वैश्य ने असंतोष व्यक्त करते हुए लक्ष्य तय कर समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत आवास, निर्माणाधीन आवास और लंबित मामलों की समीक्षा की गई और लाभार्थियों को समय सीमा में आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके अलावा पात्र व्यक्तियों को आवासीय पट्टों के वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत वाटर बॉडी परियोजना के तहत जल संरक्षण, जलस्रोतों के पुनर्जीवन, सौंदर्यीकरण तथा संरचनात्मक सुधार से जुड़ी परियोजनाओं के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। सभी निकायों को स्वच्छता गतिविधियों को और प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन के 100 दिनों से अधिक लंबित प्रकरणों की समीक्षा में राऊ नगर परिषद में सर्वाधिक प्रकरण लंबित होने पर सीएमओ राऊ को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का तत्काल समाधान किया जाये।
बैठक में जिले के सभी निकायों में प्रचलित विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये।
